कस्बा के गांधी चैक में गुरूवार की देर शाम में एक बड़ा हादसा होने से बच गया, जहाँ ठेले पर सो रहा एक व्यक्ति अचानक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है।
शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, मोहल्ला विष्णुपुरी निवासी छोटेलाल पुत्र प्यारेलाल स्थानीय बस स्टैंड पर पपीता की ढकेल (ठेला) लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। रोजाना की तरह वह बीती रात गांधी चैक पर अपने ठेले पर ही सो गया था। बताते हैं कि रात के समय गहरी नींद में अचानक करवट बदलते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क पर जा गिरा। सड़क पर गिरने से छोटेलाल को काफी चोटें आईं और वह रातभर वहीं पड़ा रहा। सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर घायल अवस्था में पड़े छोटेलाल पर पड़ी, तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उसे सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल का प्राथमिक उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद छोटेलाल की स्थिति में सुधार होने पर उसके परिजन उसे घर ले गए।









