
हाथरस, 30 जनवरी, 2026 (सूचना विभाग)। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आज तालाब चौराहा स्थित ओवरब्रिज के नीचे चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं यातायात सुधार से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ओवरब्रिज के नीचे कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि सभी कार्य मानकों के अनुरूप तथा गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराए जाएं। साथ ही उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए जाने हेतु वाहनों की समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू एवं सुव्यवस्थित किया जा सके। इसी क्रम में तालाब चौराहा क्षेत्र में यातायात दबाव को देखते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने तालाब चौराहा के पास स्थित तालाब का भी निरीक्षण किया तथा ओवरब्रिज के नीचे कराए जा रहे कार्यों की उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण में यह भी देखा गया कि क्षेत्र में अवैध रूप से ई-रिक्शा एवं अन्य वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वाहनों की पार्किंग व्यवस्था विकसित करने हेतु निर्धारित पार्किंग स्थल विकसित किए जाने की कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने तालाब चौराहा के पास स्थित ड्रीम प्रोजेक्ट का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व में कराए गए कार्यों तथा उस पर व्यय धनराशि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद हाथरस को निर्देशित किया कि परियोजना को नगर पालिका द्वारा अथवा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के माध्यम से विकसित किए जाने हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि यह स्थल जनपद की जनता के लिए उपयोगी, मनोरंजन एवं आजीविका का साधन बन सके।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस आदि उपस्थित रहे।











