भारतीय जनता पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में रविवार को भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने गांव विजाहरी स्थित बूथ संख्या 100 पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय व सशक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी की असली ताकत उसके बूथ के कार्यकर्ता होते हैं। इसलिए सभी कार्यकर्ता केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ें। इस दौरान बूथ समिति के कार्यों की समीक्षा भी की गई।बैठक के समापन के पश्चात जिला अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण को सुना। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचारों और देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक बदलावों से जुड़ी प्रेरक कहानियों को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया गया। इस मौके पर मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।










