कोतवाली चैराहे के निकट स्थित एक गेस्ट हाउस के बाहर शादी समारोह में शामिल होने आए युवकों में हुए वाद-विवाद ने रौद्र रूप धारण कर लिया और जिसके चलते दो पक्षों में जमकर लात घूंसे और बैल्टों से हमला हुआ। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली चैराहे के निकट एक गेस्ट हाऊस में एक शादी समारोह चल रहा था। सभी लोग बैंडबाजों और खाने का लुफ्त उठा रहे थे। तभी दो युवकों में किसी बात को लेकर नोंकझोंक शुरू हो गई। यह नोंक झोंक कुछ ही पल में लात घूंसों में बदल गई। देखते ही देखते दोनों ओर से बैल्टें निकल आई और लात घूंसो के साथ बैल्टों की बौछार से हमले होने लगे। यह मारपीट का दौर काफी देर तक चला। जिससे सडक का आवागमन बाधित हो गया। बीच सड़क पर हुए इस हंगामे के कारण मौके पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। घटना के समय वहां मौजूद राहगीरों और अन्य लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कुछ युवक मिलकर एक व्यक्ति को सड़क पर गिराकर उस पर लगातार लात-घूंसे बरसाते नजर आ रहे हैं।










