स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर राज नर्सिंग होम को किया सीज : विभागीय कार्रवाई से मचा हड़कंप
सिकंदराराऊ। कस्बा के जीटी रोड स्थित मोहल्ला नगला लाला में स्थित राज नर्सिंग होम पर सोमवार को सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अचानक छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों तथा गड़बड़ी के चलते सीज की कार्यवाही की गई।
बताया जाता है कि शिकायत की गई थी कि राज नर्सिंग होम में मरीजों को भर्ती कर ऑपरेशन किए जा रहे हैं। वहां ऑपरेशन करने के लिए कोई पंजीकृत चिकित्सक उपलब्ध नहीं है। सीएमओ, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण भारती के साथ दोपहर दो बजे नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक के पंजीकरण संबंधी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए।निरीक्षण के दौरान ओपीडी पर्चियों और चिकित्सकीय दस्तावेजों में भी खामियां मिलीं।
अधिकारियों के अनुसार ओपीडी पर्चियों पर चिकित्सक के हस्ताक्षर भी नहीं थे। अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें तत्काल सरकारी एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद् भेजा गया। इसके साथ अस्पताल के कई कमरों को सील कर दिया। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अस्पताल संचालक और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभागीय कार्रवाई से झोलाछाप चिकित्सकों में हड़कंप मच गया। कासगंज रोड, हाथरस रोड, ईदगाह रोड पर कई क्लीनिक ,अस्पताल के संचालक अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिराकर भाग गए।









