सीएचसी में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत लगा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी डे शिविर, डेढ सौ से अधिक गर्भवती महिलाओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी डे (एचआरपी) का विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र की डेढ सौ से अधिक गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की गहन जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श व दवाएं वितरित की गईं। हालांकि, इस शिविर में गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी।
सोमवार को लगाए गये शिविर में सीएचसी अधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण के लिए आई करीब एक सौ साठ से अधिक महिलाओं में से कई महिलाएं उच्च जोखिम गर्भावस्था (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) की श्रेणी में पाई गईं। ऐसी महिलाओं को चिन्हित कर उनका तुरंत उपचार किया गया और उन्हें विशेष सावधानी बरतने व नियमित डॉक्टर के संपर्क में रहने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में मौजूद डॉ. योजना ने गर्भवती महिलाओं को संबोधित करते हुए उनके खान-पान पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। उन्होंने सलाह दी कि महिलाओं को अपने दैनिक आहार में विटामिन, प्रोटीन, हरी सब्जियां, कैल्शियम और आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों को जरूर शामिल करना चाहिए, जिससे जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ रहें। माताओं के बेहतर पोषण को ध्यान में रखते हुए शिविर में उपस्थित सभी गर्भवती महिलाओं को दो केले और एक सेब का भी वितरण किया गया। शिविर में डॉ. योजना के साथ-साथ स्टाफ से अभिलाषा, ज्योति, आकांक्षा, अमिता, शशि और देव ज्योति सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का अन्य समस्त स्टाफ पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहा।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment