
आगामी 22 नवंबर से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को एसडीएम सासनी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में एसडीएम ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान पर प्रशासन की भी विशेष निगाह रहेगी। अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान 22 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों से पूरी तत्परता के साथ कार्य करने की अपील की। बैठक में श्याम बिहारी शर्मा, बीएचडब्ल्यू जितेंद्र कुमार, डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि आकाश कौशिक, एचएस सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।










