मासूम ममता की ताई का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला, मची सनसनी

सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव कोंडरा जहांगीरपुर में अभी मासूम ममता के हत्याकांड की गुत्थी सुलझ नहीं पाई थी। शुक्रवार की तड़के मृतका ममता की छोटी ताई का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला । जिससे क्षेत्र में सनसनी मच गई ।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।ग्रामीणों के अनुसार चार वर्षीय ममता करीब चार दिनों से लापता थी। गुरुवार की सुबह आठ बजे करीब उसका शव नहर के पास से बरामद हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी । फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मासूम की मौत के बाद परिवार और गांव में शोक के साथ तनाव का माहौल बना हुआ था । बताया जाता है कि मृतका ममता की छोटी ताई 35 वर्षीय गुड्डी देवी उर्फ गुड़िया देवी पत्नी योगेश बच्ची का शव मिलने के बाद से काफी गुमसुम और शांत रहने लगी थीं। वह अधिकतर समय चुपचाप घर में बैठी रहती थीं। ममता और गुड्डी देवी का परिवार एक साथ बैठा रहता था। ममता और गुड्डी देवी का परिवार एक ही घर में रहता था।

शुक्रवार तड़के करीब चार बजे करीब गुड्डी देवी की बच्ची रोने लगी। कमरे के बाहर सो रहे उनके पति योगेश ने काफी देर तक आवाज लगाई, किंतु अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह कमरे में पहुंचे तो गुड्डी देवी का शव छत पर लगे कुंडे से रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला । जिससे क्षेत्र में खलबली मच गई ।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस योगेश को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। मासूम ममता की मौत के मामले में उसके छोटे ताऊ योगेश ने अपने बड़े भाई और उनके परिवार समेत कई लोगों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। मामले की जांच में पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी हुई है। पोस्टमार्टम के बाद गुड्डी देवी का शव गांव पहुंचा। दोपहर करीब 3:30 बजे गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक ही घर में लगातार हुई दो मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और गांव में तरह-तरह की चर्चाओं के चलते माहौल गर्म है। गुड्डी देवी ने फांसी क्यों लगाई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आत्महत्या के कारणों के साथ ही दोनों घटनाओं के हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही दोनों मामलों की स्थिति पूर्ण तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment