सिकंदराराऊ। थाना हसायन क्षेत्र के गांव सिहोरी के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कस्बा के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से दोनों को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई ने कोतवाली में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बा पुरदिलनगर के मोहल्ला सोरों गेट निवासी अवधेश कुमार पुत्र चंद्रपाल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 6 नवंबर की शाम 7:30 बजे करीब उनका भाई लक्ष्मण मोहल्ले के ही अपने साथी वीरेश कुमार पुत्र होरीलाल सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर थाना हसायन क्षेत्र के गांव सिहोरी जा रहे थे। जैसे ही बाइक सवार गांव सिहोरी रोड पर पहुंचे । तभी सिरोही की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी । हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कस्बा सिकंदराराऊ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया । जहां से चिकित्सकों ने उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ में स्वास्थ्य में लाभ न होने पर लक्ष्मण को दिल्ली के सफदरजगंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान 9 नवंबर को उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है।










