डग्गेमार वाहनों ने जमकर काटी चांदीसिकंदराराऊ । गोवर्धन पूजा के बाद बुधवार को कस्बा एवं ग्रामीण अंचल में भाई बहन के प्रेम का प्रतीक भैया दूज का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर रोली का तिलक लगाकर अक्षत लगाया और उनकी आरती उतारकर उनकी दीर्घायु व समृद्धि की कामना की। इस दौरान भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट किए। भैया दूज को यमद्वितीया भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन भाई-बहन यदि यमुना में साथ स्नान करें तो उन्हें यम के बंधन से मुक्ति मिल जाती है।
इस महात्म्य का लाभ लेने के लिए काफी भाई अपनी बहनों के साथ यमुना स्नान के लिए भी गए। भैया दूज के पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखाई दिया। सुबह से ही बहनों ने भाइयों के आदर सत्कार की तैयारियां शुरू कर दीं। धमाचार्यों के अनुसार पूजा के लिए पूरा दिन शुभ रहा। बहनों ने भाइयों का तिलक कर उनकी आरती की। बहनों ने भाइयों की दीर्घायु के लिए उपवास भी रखा। बाजारों में भी पर्व को लेकर भीड़ नजर आई । भाइयों को जहां अपनी बहनों के आने का इंतजार था, वही बहनें भी अपने भाइयों के पास पहुंचने को आतुर दिखी । भाई दूज पर्व पर अपनी बहनों के लिए मिठाई ले जाने के लिए भाइयों का सुबह से ही मिष्ठान विक्रेताओं की दुकानों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया । मिष्ठान विक्रेताओं के द्वारा अल सुबह से ही अपनी दुकानों को सजाया गया । मिष्ठान खरीदने को दुकानों पर शाम तक भारी भीड़ जमी रही । मिठाई के अलावा भाइयों ने अपनी छोटी बहनों के लिए गिफ्ट आदि भी खरीदे । रोडवेज बसों की कमी भी भाई दूज के पर्व पर साफ नजर आई । बसों के अभाव में भाई बहनों को डग्गेमार वाहनों का सहारा लेना पड़ा । डग्गेमार वाहन चालकों ने पूरे दिन यात्रियों से अधिक किराया वसूलकर जमकर चांदी काटी । डग्गेमार वाहनों में लोग जान को जोखिम में डालकर यात्रा करते हुए नजर आए । बसस्टेंड, रेलवे स्टेशन पर लोगो की भारी भीड़ उमड़ी । घंटो खड़े होकर लोगो को वाहनों का इंतजार करना पड़ा ।










