श्रद्धापूर्वक की गई गोवर्धन पूजा:जगह -जगह हुआ अन्नकूट प्रसादी का वितरण

सिकंदराराऊ । कस्बा व ग्रामीण अंचल में मंगलवार को गोवर्धन पूजा श्रद्धापूर्वक की गई । जगह-जगह अन्नकूट प्रसादी का वितरण हुआ । वैसे महिलाओं द्वारा श्याउ पूजन एवं गोवर्धन पूजा का दीपावली के दूसरे दिन मनाने का विशेष महत्व है। अमावस्या दो दिन होने के कारण सोमवार एवं मंगलवार को मनाया गया । घरों एवं देवालयों में गौ माता के गोबर से श्री गोवर्धन महाराज बनाए गए । वहीं कस्बा के मोहल्ला बगिया बारहसैनी स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में गिरिराज पर्वत उठाते हुए गिर्राज जी महाराज बनाए गए । जिनके अलौकिक श्रृंगार भी किए गए ।

विद्वान आचार्य सुभाष चंद्र दीक्षित के पावन सानिध्य में पूजा अर्चना कर तरह-तरह के व्यंजन अर्पित कर परिक्रमा लगाकर देश की खुशहाली समृद्धि उन्नति एवं विश्व शांति की कामना की गई ।अनिल कॉलोनी स्थित शिव मंदिर , पूरनगंज स्थित अटल तालेश्वर मंदिर, रोशनगंज स्थित हनुमान मंदिर, मंडी गांधीगंज स्थित शिव मंदिर आदि पर अन्नकूट प्रसाद का वितरण किया गया । अन्नकूट प्रसाद में पूड़ी, मिश्रित सब्जी, कड़ी, भात आदि का वितरण किया गया । सनातन धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व है । इस दिन गोवर्धन पूजा से साक्षात योगीराज भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त होता है। अन्नकूट प्रसाद का वितरण करने से भक्तो पर प्रभु की विशेष कृपा बरसती है । भगवान गिर्राज महाराज के जयघोषों से वातावरण सराबोर हो गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment