सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर नगला चटोल में दबंगई के बल पर खेत पर अवैध तरीके से असलहों के बल पर कब्जा करने का विरोध करने पर दबंगों ने दो लोगों को पीटकर घायल कर दिया। खेत स्वामी ने कोतवाली में आधा दर्जन नामजद एवं तीन अज्ञात महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव रामपुर निवासी भीष्म पाल सिंह पुत्र पातीराम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसके खेत गांव नगला चटोल में है। शनिवार की सुबह 7 बजे करीब क्षेत्र के गांव नावली लालपुर निवासी देवव्रत यादव, शिवेंद्र, प्रधुम कुमार ,दीपेश पुत्रगण श्रीनिवास ,श्रीनिवास पुत्र पृथ्वी सिंह , अखंड प्रताप पुत्र देवव्रत यादव एवं तीन महिलाएं एकराय होकर उसके खेत पर जबरन असलहों ,फावड़ा एवं ट्रैक्टर से दबंगई के बल पर कब्जा करने पहुंचे। उनके पट्टेदार ज्ञान सिंह ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उन पर ट्रैक्टर चढ़ाया और फावड़े से उनका सिर फाड़ दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गए। शोरगुल सुनकर उन्हें बचाने आए रघुवर पर हमला कर दिया। जिससे वह भी घायल हो गए। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली में कई संगीन मामलों में अभियोग पंजीकृत हैं। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।










