गांव नगला में आलू की बुवाई का काम करते समय ट्रैक्टर से जुड़ी आलू बुवाई की मशीन पर मजदूरी कर रहे करीब चैबीस वर्षीय युवक की खेत के ऊपर से गुजर रही ग्यारह हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई।
बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, सासनी क्षेत्र के गांव खोरना निवासी चैबीस वर्षीय योगेश पुत्र जमुना दास मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह पड़ोसी गांव नया नगला में एक खेत पर ट्रैक्टर से आलू बुवाई के काम में लगा हुआ था। काम के दौरान जब योगेश मशीन में आलू डाल रहा था, तभी अचानक ऊपर से गुजर रही एचटी लाईन के चालू विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। हाईटेंशन लाइन का करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर अचेत होकर वहीं गिर पड़ा। घटना की जानकारी होते ही खेत में काम कर रहे अन्य लोगों और परिजनों में खलबली मच गई। लोग उसे तत्काल उपचार के लिए सासनी के नजदीकी अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे हाथरस के बागला जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही गांव खोरना में सन्नाटा पसर गया और उसके घर में कोहराम मच गया। मृतक योगेश अपने पीछे पत्नी और एक छोटे बच्चे को छोड़ गया है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।












