कस्बा में महर्षि वाल्मीकि के प्राकट्य उत्सव पर भव्य शोभायात्रा व मेले का आयोजन किया गया। मुहल्ला किशनपुरी से शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेंद्र शर्मा, भाजपा ब्रज क्षेत्रीय अध्यक्ष शरद माहेश्वरी, निर्देश चंद्र वाष्र्णेय और राजीव शर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। अतिथियों द्वारा महर्षि वाल्मीकि जी की विधि-विधान से आरती उतारी गई और रथ को रवाना किया गया।
शोभायात्रा के शुभारंभ में मुख्य अतिथि यतेंद्र शर्मा ने दूसरे धर्मों के लोगों द्वारा किए जा रहे कथित धर्मांतरण व छल-कपट को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने खुली चेतावनी देते हुए कहा, दूसरे धर्म के लोग छल-कपट और लोभ-लालच से यहां के सीधे-साधे लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं। मैं उन्हें खुली चेतावनी देता हूं कि वे सुधर जाएं, नहीं तो जल्दी ही जेल की सलाखों के पीछे होंगे। अगर हिंदुओं को तोड़ने या समाज को बरगलाने का काम किया गया, तो इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ने ही प्रभु श्रीराम का परिचय संसार से कराया था, वह पूरे समाज के पूजनीय हैं। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेहनत और लाखों स्वयंसेवकों की आहुति की वजह से ही आज भव्य राम मंदिर बन सका है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी इस समाज की महानता का सम्मान करते हैं, क्योंकि यह समाज हमेशा देश हित में आगे बढ़कर कार्य करता है। उन्होंने सनातन धर्म की महिमा का बखान करते हुए विरोधी विचारधाराओं पर जमकर निशाना साधा। शोभायात्रा में शामिल विभिन्न बैंडों की मधुर धार्मिक धुनों से समूचा वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर निकाली गईं मनमोहक और भव्य झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्हें देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस मौके पर नितिन चैधरी, मोहित कुशवाह, प्रदीप वाल्मीकि, शंभू और सूरज आदि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व अतिथि मौजूद रहे। शोभायात्रा मोहल्ला किशनपुरी से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों पारस टॉकीज, बजरिया, अयोध्या चैक, गांधी चैक, कमल बाजार, बस स्टैंड और रामलीला रोड से होते हुए गुजरी। इस दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। नगर भ्रमण करने के उपरांत यह शोभायात्रा पुनः अपने प्रस्थान बिंदु मोहल्ला किशनपुरी पहुंची, जहां विधि-विधान और महाआरती के साथ मेले का समापन किया गया। सुरक्षा की कमान एसएचओ विपिन चैधरी मय फोर्स के संभाले हुए थीं।












