सासनी कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में सड़क हादसों और आपराधिक घटनाओं से संबधित हाल ही में सामने आई विभिन्न पुलिस तहरीरों आधार पर लापरवाही से वाहन चलाने और चोरियों की वारदातों की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना में अलीगढ़ रोड स्थित समामई के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूल स्टाफ बस को टक्कर मार दी, जिससे चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी घटना में बारात से लौट रही एक अर्टिगा कार को प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी, जिसमें कार सवार कई लोग घायल हो गए। इसके अलावा कोतवाली सासनी क्षेत्र के अंतर्गत एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने स्कूटी सवार युवती को टक्कर मारकर घायल कर दिया। सड़क हादसों के साथ-साथ चोरी की वारदातें भी थमने का नाम नहीं ले रही हैं। किला तिराहा नानऊ रोड पर स्थित एक वेल्डिंग एवं फर्नीचर की दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर वेल्डिंग मशीनें, अल्टीनेटर, कटर मशीन और भारी मात्रा में स्टील पाइप चोरी कर लिए। पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर पुलिस मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।











