सिकंदराराऊ। कस्बा के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी पुरानी तहसील रोड स्थित शिशु शिक्षा मंदिर (पेड़ वाले स्कूल) में शनिवार को शिक्षक दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देश के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छविचित्र पर माल्यार्पण करके किया गया।

इस गौरवमयी अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए पूर्व प्रधानाध्यापक सुभाष चंद्र शर्मा एवं कस्बा के युवा शिक्षक इंद्रदेव पालीवाल को शाल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीकृष्ण दीक्षित फौजी ने की तथा कुशल संचालन मनीष शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षक का स्थान सदैव से सर्वोपरि रहा है। हालांकि, वर्तमान परिस्थितियों में नैतिक पतन के कारण समाज में गुरु की गरिमा प्रभावित हुई है, जबकि समाज को सही राह दिखाने की मुख्य जिम्मेदारी शिक्षक की ही होती है। शिक्षक स्वयं को तपाकर अपने शिष्य को ज्ञान की ज्योति प्रदान करता है।
इस समारोह में प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी, हरपाल सिंह यादव, श्री कृष्ण दीक्षित फौजी , आर.के. सिंह जादौन, शरद शर्मा, विवेक धनगर, अनिल उपाध्याय, मनीष शर्मा, प्रमोद बघेल, अनुपम तोमर और सोनी बघेल आदि मौजूद रहे।












