सादाबाद। बरसात के मौसम में आवारा कुत्तों द्वारा क्या छोटे क्या बड़े सभी पर हमले किए जाने की घटनाएं जिले में बढ़ती जा रही हैं और इसी क्रम में कोतवाली क्षेत्र के गांव एदलपुर में आवारा कुत्तों ने एक 8 वर्षीय बालक पर हमला कर दिया। घटना में कुत्तों ने बालक के पैर का मांस नोच लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जाता है बीती रात्रि को गांव एदलपुर निवासी अजयपाल का आठ वर्षीय पुत्र मानव अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी अचानक कुत्तों के एक झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। बालक की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने लाठी-डंडों की मदद से कुत्तों को भगाया और बालक को बचाया।कुत्तों के हमले से बालक के पैर में गंभीर घाव हो गए थे, क्योंकि कुत्तों ने उसके पैर का मांस नोच लिया था।। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने बालक का उपचार किया और एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) लगाई। उसे आवश्यक दवाएं भी दी गईं।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कुत्तों के झुंड अक्सर लोगों पर हमला करने का प्रयास करते हैं।









