पीड़ित ने तीन नामजद एवं 15-20 अज्ञात के खिलाफ कराई रिपोर्ट दर्ज : कासगंज रोड स्थित गांव हबीबपुर की घटना
सिकंदराराऊ । कांवड़ मार्ग में कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के दाबे अब हवा हवाई होते हुए नजर आ रहे हैं। गंगाघाट सोरों से कांवड़ लेकर जा रहे एक कांवड़िया को नामजदों ने अपने साथियों के मिलकर कासगंज रोड स्थित गांव हबीबपुर पर पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में तीन नामजद एवं 15-20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना सादाबाद क्षेत्र के गांव गढ़ी नौकस निवासी तनवीर सिंह पुत्र राजकुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह शनिवार को पवित्र श्रावण मास के चलते अपने गांव के साथियों के साथ कांवड़ लेकर गंगाघाट सोरों से अपने गांव जा रहा था। तभी रास्ते में गांव हबीपुर वह एंव सुमित कुमार पुत्र वीरेन्द्र सिंह पड़ाके की दुकान पर पड़ाके खा रहा था। तभी वहां पर पहले से खड़े जितेन्द्र ,रोहित पुत्रगण धर्मपाल,राजू पुत्र वीरपाल निवासीगण गांव हबीब पुर थाना सिकंदराराऊ बिना बात के गाली गलौज करने लगे। जब उसने गाली गलौज का विरोध किया तो आरोपियों ने अपने 15-20 साथियों को बुला लिया । आरोपियों ने एकराय होकर उसके ऊपर लाठी डंडों एवं सरिया से हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। कांवड़ मार्ग पर हुई कांवड़िया के साथ मारपीट से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। शासन द्वारा पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के कड़े निर्देश भी जारी किए गए हैं। बाबजूद इसके कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लग रहा है। वहीं शुक्रवार की रात्रि को कांवड़ मार्ग पर गांव बस्तोंई पर सड़क किनारे विश्राम कर रहे जनपद आगरा क्षेत्र के अछनेरा निवासी दो कांवड़ियों को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों कांवड़ियां गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कांवड़िया के साथ हो रही घटनाओं की चर्चाओं का बाजार लोगो के बीच जारी है।









