सिकंदराराऊ। पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने हेतु प्रशासन ने पूर्ण रूप से अपनी कमर कस ली है। सोमवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा की तैयारियों के दृष्टिगत कांवड़ियों के मुख्य आवागमन मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया एवं सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सोमवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स व पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा संयुक्त रूप से श्रावण मास/ कांवड़ यात्रा की तैयारियों के दृष्टिगत कांवडियों के मुख्य रुट मार्ग आदि स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया । इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कांवड़ियों के आने-जाने वाले रुट का भ्रमण किया गया तथा रुट में पर्याप्त पुलिस प्रबन्ध करने हेतु व उन्हें सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। कांवड़ियों के आने-जाने व यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु चौबीस घंटे आवश्यकतानुसार पुलिस बल को तैनात करने के निर्देश दिए गए तथा भ्रमण स्थल पर मौजूद हाइवे ऑथोरटी के अधिकारीयो को निर्देशित किया गया कि मार्ग पर कांवड़ियों को कोई असुविधा नहीं हो तथा कांवड़ियों को सामूहिक रूप से जत्थों में रवाना करने हेतु निर्देशित किया गया ।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत कांवड़ियों के आने-जाने वाले रास्तों को सेक्टरो में विभाजित किया गया है । जिसमें पर्याप्त पुलिस व प्रशासन अधिकारी/कर्मचारीगणो की ड्यूटी लगायी गयी है तथा आने-जाने वाले कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो उसके लिये जगह जगह कैम्प बनाये गये । कैम्पों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं यथा विद्युत, पानी, स्वअल्पाहार आदि की व्यवस्था की जायेगी ।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा कांवडियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी कर कांवड़ियों के ठहरने एवं सूक्ष्म जलपान हेतु बने शिविरों में प्रकाश, पानी, बैठने के लिए कुर्सी व आराम करने हेतु चारपाई/गद्दे, प्राथमिक चिकित्सा, जलपान, स्वल्पाहार, साफ-सफाई, आदि की समुचित व्यवस्था हेतु निर्देशित किया गया । कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए है । इस मौके पर एसडीएम धर्मेंद्र सिंह चौहान, सीओ अमित पाठक ,कोतवाल शिवकुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।











