कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, हाईवे किनारे अतिक्रमणकारियों को दी अतिक्रमण हटाने की चेतावनी

श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सासनी पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है सतर्कता के साथ किसी भी प्रकार कांवड़यात्रा में विघ्न न आए इसके लिए अफसरान ने टीमों को गठितकर उनके काम की जिम्मेदारी सौंप दी है। जिसके चलते प्रभारी निरीक्षक श्रीमती विपिन चैधरी ने शहर में सडक के किनारे अतिक्रमण कर रहे अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी है।
रविवार को क्षेत्राधिकारी हिमांशु माथुर एवं प्रभारी निरीक्षक विपिन चैधरी ने पुलिस बल के साथ आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण का जायजा लिया और दुकानदारों से तत्काल अतिक्रमण हटाने की अपील की। निरीक्षण के दौरान अफसरान ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, सड़क पर सामान रखना या यातायात में बाधा उत्पन्न करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए हाईवे और संपर्क मार्गों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा। सीओ हिमांशु माथुर ने कहा कि सभी दुकानदार एवं स्थानीय नागरिक प्रशासन का सहयोग करें और स्वयं ही अपने अस्थायी अतिक्रमण हटा लें। यदि चेतावनी के बाद भी किसी ने सड़क पर कब्जा किया या यातायात में व्यवधान उत्पन्न किया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक विपिन चैधरी ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा लगातार गश्त भी की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सकेगा।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment