अनियंत्रित होकर बाइक डिवाइडर पर लगे पोल से टकराई,युवक की मौत

सिकंदराराऊ । एन एच 34 के एटा रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के निकट गुरुवार को ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार का युवक का सिर डिवाइडर पर लगे बिजली के पोल से टकरा गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि दिनेश पुत्र सुनील उम्र 25 वर्ष निवासी गांव शहवाजपुर थाना गोंडा जनपद अलीगढ़ गुरुवार की सुबह करीब 7: 30 बजे करीब बाइक पर सवार होकर एटा से अलीगढ़ की ओर जा रहा था । जैसे ही बाइक सवार युवक मंडी समिति के समीप ओवरब्रिज पर पहुंचा। तभी उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक डिवाइडर पर लगे विद्युत पोल से टकरा गई। जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी । सूचना पाकर परिजनों में चीत्कार मच गया । परिजन भी मौके पर पहुंचकर गए। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment