हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के बुर्ज वाला कुआं पर आज सुबह एक युवक की विद्युत करंट लगने से मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में जहां भारी कोहराम मच गया। वहीं पूरे क्षेत्र में भारी शोक एवं मातम छा गया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई।
बताया जाता है शहर के बुर्ज वाला कुआं निवासी एवं शनिदेव मंदिर के महंत महेश चंद्र जोशी के करीब 30 वर्षीय पुत्र दीपक जोशी आज सुबह करीब 11 बजे अपने घर में बने मंदिर में पंखे का कंडेनसर बदल रहा था। इसी दौरान कंडेनसर बदलते समय उसे विद्युत करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।करंट लगने के बाद वह नीचे गिर पड़ा और परिवार के लोगों ने जब उसकी यह दशा देखी तो उनमें अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से परिवार में भारी मातम छा गया है। सूचना पाकर मौहल्ले के अन्य लोग भी अस्पताल पहुंच गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है।
बताया जाता है मृतक दीपक एक मसाला फैक्ट्री में काम करता था और वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी व चार बच्चों और अन्य परिजनों को रोते छोड़ गया है।घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र के लोग उन्हें ढांढस बंधाने में लगे हैं। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भारी शोक का माहौल है और मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई थी।
बताया जाता है बुर्ज वाला कुआं स्थित शनि देव मंदिर के महंत महेश चंद जोशी के 5 पुत्रों में से तीन पुत्रों की मौत हो जाने से परिवार पर भारी दुखों व गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। महंत महेश चंद्र जोशी के सबसे बड़े पुत्र की सड़क दुर्घटना मौत हो गई थी। जबकि दूसरे पुत्र की स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान मौत हो गई थी और अब तीसरे पुत्र की विद्युत करंट की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो जाने से परिवार में भारी कोहराम मचा हुआ है।











