बच्चों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला, छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर डंडे से हमला कर की हत्या

मृतक के पुत्र ने चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध कराई रिपोर्ट दर्ज

सिकंदराराऊ । हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ा सुल्तानपुर में बीती रात बच्चों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई के सिर पर डंडे से हमला कर हत्या कर दी। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के पुत्र ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बताया जाता है कि गांव खेड़ा सुल्तानपुर निवासी भुजवीर सिंह के दो पुत्र सुनील और राजेश थे।शुक्रवार की रात्रि 8:45 बजे करीब दोनों भाइयों के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कुछ देर में विवाद दोनों भाइयों के बीच बढ़ गया और खूनी संघर्ष में बदल गया । विवाद के दौरान छोटे भाई सुनील ने दरवाजे की चौखट का डंडा निकालकर अपने बड़े भाई 45 वर्षीय राजेश के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजन राजेश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पाकर थाना हसायन पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया यह भी जाता है कि शुरुआती दौर में परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, जिसको लेकर पुलिस और परिवार के बीच बहस भी हुई। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पुत्र दीपक ने अपने चाचा सुनील कुमार, चाची जया देवी तथा उनके दोनों पुत्रों गुनगुन और कृष्णा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। दीपक का आरोप है कि उसके चाचा ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी है। परिवार के मुताबिक दीपक की शादी आगामी 8 जुलाई को होनी है। घटना के समय वह शादी के कार्ड बांटने गया हुआ था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment