पालिकाध्यक्ष के 3 वर्ष पूर्ण होने पर विकास उत्सव में गिनाईं उपलब्धियां:विमोचन

हाथरस। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में शहर में विगत तीन वर्षों के दौरान कराए गए विकास कार्यों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजित विकास उत्सव कार्यक्रम अग्रवाल सेवा सदन में भव्यता एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, सभासदों तथा बड़ी संख्या में शहरवासियों ने सहभागिता की।।
कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर भारद्वाज द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके उपरांत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत सामूहिक वंदे मातरम् के साथ विकास उत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अनूप प्रधान, विधान परिषद सदस्य चौ. ऋषिपाल सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी, पूर्व सांसद राजेश कुमार दिवाकर, अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान एवं पूर्व विधायक राजवीर सिंह पहलवान, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय सहित अनेक अतिथि उपस्थित थे।


कार्यक्रम में सभी अतिथियों का 51 किलोग्राम की विशाल पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नगर पालिका परिषद द्वारा विगत तीन वर्षों में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित स्मारिका का विमोचन रहा। स्मारिका में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, पेयजल सुविधाओं तथा अन्य जनहितकारी योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर भारद्वाज ने नगर पालिका परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में नगर में विकास की नई तस्वीर उभरकर सामने आयी है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करना जवाबदेही एवं पारदर्शिता का उत्कृष्ट उदाहरण है तथा लोकतंत्र में जनता के प्रति उत्तरदायित्व सर्वोपरि होता है।। सांसद अनूप प्रधान एवं एमएलसी ऋषिपाल सिंह ने भी नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में नगर के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में स्थानीय निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने अपने संबोधन में नगर पालिका बोर्ड के सभी सभासदों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्य किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरी टीम एवं जनता के सहयोग का परिणाम हैं। उन्होंने नगर के सर्वांगीण विकास के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि आने वाले समय में सड़क, जलनिकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं जनसुविधाओं के क्षेत्र में और अधिक कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान सभागार खचाखच भरा रहा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी, समाजसेवी, नगरवासी उपस्थित थे।। विकास उत्सव के माध्यम से नगर पालिका परिषद ने न केवल अपने तीन वर्षों के विकास कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा जनता के समक्ष प्रस्तुत किया, बल्कि नगर के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर विकास के संकल्प को भी मजबूती के साथ दोहराया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment