
हाथरस।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के प्रथम दिवस पर प्रेम रघु आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज एंड हॉस्पिटल में योग फॉर हेल्थी एजिंग थीम के अंतर्गत कॉमन योग प्रोटोकॉल (ब्ल्च्) अभ्यास सत्र का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कालेज के चेयरमैन डॉ. पी. पी. सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान धन्वंतरि तथा माँ सरस्वती के छविचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए इसके नियमित अभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर योगाचार्य सुमित कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया। उन्होंने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का सरल एवं प्रभावी ढंग से मार्गदर्शन करते हुए योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण योगाचार्य सुमित कुमार सिंह की योग शिष्याओं भानवी एवं छवि द्वारा प्रस्तुत उन्नत (एडवांस) योगासनों की मनमोहक प्रस्तुति रही। दोनों साधिकाओं ने उत्कृष्ट संतुलन, लचीलापन एवं योग कौशल का प्रदर्शन कर उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या डॉ सरोज गौतम, डॉ निधि, डॉ सतेंद्र, सभी शिक्षकों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, जागरूक एवं योगमय जीवन शैली अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।












