
सिकंदराराऊ । हाथरस रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर बीती रात वाहन खड़ा करने को लेकर मारपीट हो गई । जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। घटना में दो लोग घायल हो गए । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली ।
बताया जाता है कि कस्बा पुरदिलनगर निवासी रमेश पुंढीर रविवार की रात्रि को हाथरस से अपनी कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी कार का ईंधन लगभग खत्म होने लगा, जिसके बाद उन्होंने हाथरस रोड स्थित बालाजी पेट्रोल पंप पर वाहन रोककर पेट्रोल भरवाने का निर्णय लिया। बताया गया कि रमेश अपनी गाड़ी लाइन में लगाकर ईंधन भरवाने की प्रतीक्षा कर रहे थे । इस दौरान एक दूसरी कार आकर रमेश की गाड़ी के आगे खड़ी हो गई।वाहन गलत तरीके से लगाया गया था। रमेश ने इस पर आपत्ति जताई और दूसरे चालक से वाहन व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने को कहा। इसी बात से कुपित होकर दूसरी कार सवार लोगों ने रमेश एवं उनके साथी के साथ गाली गलौज कर मारपीट कर दी। जिससे पेट्रोल पंप पर अफरा तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई । मामले की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया । घटना में रमेश पुंढीर एवं उनका साथी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर मामले की पड़ताल में जुट गई है।









