सिकंदराराऊ। एनएच 34 के अलीगढ़ रोड स्थित गांव बिलार के पास एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति के पुत्र ने कोतवाली में अज्ञात पिकअप गाड़ी चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अंशुल कुमार पुत्र संजय कुमार निवासी गांव दभीदभा थाना अकराबाद जिला अलीगढ हाल निवासी मोहल्ला भूतेश्वर कॉलोनी थाना सिकंदराराऊ ने दर्ज कराई रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि 26 अक्तूबर की रात्रि 9.30 बजे करीब उसके पिता संजय कुमार अपने गाँव दभी से बाइक पर सवार होकर सिकंदराराऊ आ रहे थे । जैसे ही वह गांव बिलार के समीप पहुंचे । तभी एक तेज गति से आ रही पिकअप गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायल का उपचार अलीगढ़ में चल रहा है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस गाड़ी चालक की तलाश में जुट गई है।











