ज्वेलर्स की दुकान पर आभूषण देखने के बहाने दो महिलाओं ने की चोरी:घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद

 

दोनों शातिर महिलाओं को किया पुलिस के हवालेसिकंदराराऊ । कस्बानुमा गांव पोरा में बाजार स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर आभूषण देखने के बहाने चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है। दुकान पर बार-बार आकर आभूषण देखने वाली दो महिलाओं को दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से पकड़ लिया। दोनों शातिर महिलाओं को पुलिस के हवाले कर दिया गया। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस शातिर दोनों महिलाओं से पूछताछ में जुट गई है।गांव पोरा मुकेश सोनी ने बताया कि उनकी गांव के बाजार में सोनी ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। उन्होंने बताया कि दोनों महिलाएं पिछले कुछ समय से दुकान पर आ रही थीं। 18 अक्टूबर को दोनों महिलाएं बुर्के में दुकान पर पहुंची थीं, जबकि 25 अक्टूबर को एक महिला साड़ी पहनकर आई थी। महिलाओं के दुकान पर आने का तरीका भी लगभग एक जैसा था। आते ही वे सबसे पहले सोने-चांदी का भाव पूछती थीं और फिर कानों के झुमके, पायल, चेन, तोड़िया व अंगूठियां दिखाने को कहती थीं।

काफी देर तक आभूषण देखने और उनमें कमी निकालने के बाद बिना कुछ खरीदे चली जाती थीं। इसी दौरान दोनों शातिर महिलाएं आभूषणों पर हाथ साफ कर देती थीं। बताया जा रहा है कि वे बाजार की अन्य सुनारों की दुकानों पर भी इसी तरह आती-जाती थीं। दुकानदार को अपने सामान में कमी महसूस हुई तो उसने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों महिलाएं आभूषण चोरी करती दिखाई दीं। रविवार को दोनों महिलाएं एक बार फिर बुर्के में दुकान पर पहुंचीं और पहले की तरह आभूषण दिखाने की कहने लगीं। इस दौरान दुकानदार ने दोनों शातिर महिलाओं को पहचान लिया और दुकान पर बैठा लिया। मामले की सूचना पुलिस को दी। शुरुआत में महिलाएं चोरी से इनकार करती रहीं, लेकिन सीसीटीवी फुटेज दिखाने और पुलिस के पहुंचने पर दोनों शातिर महिलाओं ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया ।दुकानदार के मुताबिक, तीन जोड़ी पायल और एक जोड़ी झाले चोरी हुए हैं। महिलाओं ने बताया कि आभूषण बेच दिए हैं और वापस करने से इनकार कर दिया। बाद में रुपये देने की बात कहकर काफी देर तक टालमटोल करती रहीं। पुलिस दोनों महिलाओं को अपने साथ ले गई। पीड़ित ने आरोपी दोनों महिलाओं के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस दोनों महिलाओं को अपने साथ कोतवाली ले गई। पुलिस शातिर महिलाओं से कड़ी पूछताछ करने में जुट गई है।

 

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment