पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए छात्राओं ने सामाजिक कुरीतियों पर किया प्रहार, सासनी विद्यापीठ इंटर कॉलेज में सजे जागरूक कल्पवृक्षय बेटी बचाओ, बाल विवाह और साइबर अपराध जैसे गंभीर विषयों पर दी सीख

विद्यापीठ इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल के कुशल निर्देशन में भव्य पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कॉलेज की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला के माध्यम से समाज में फैली कुरीतियों पर सीधा प्रहार किया।
शनिवार को छात्राओं ने कैनवास पर रंग और कूची के सहारे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न तथा वर्तमान समय की बड़ी चुनौती साइबर अपराध जैसी ज्वलंत सामाजिक समस्याओं पर बेहद मार्मिक और विचारोत्तेजक पोस्टर बनाए। इन पोस्टरों के माध्यम से छात्राओं ने समाज को जागरूक करने का सशक्त संदेश दिया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को एक सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक बेटियां अपने अधिकारों के प्रति जागरूक नहीं होंगी और समाज में उन्हें समान अवसर नहीं मिलेंगे, तब तक एक सशक्त राष्ट्र की कल्पना अधूरी है। यह अभियान बेटियों को आत्मरक्षक और स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस दौरान कॉलेज का समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। मुख्य रूप से अरुण कुमार कौशिक, संजय कुमार, राजीव कुमार, भारत सिंह, विनय कुमार, नीरज गुप्ता, अशोक कुमार, महेंद्र प्रकाश सैनी, मुकेश दिवाकर, हनी वशिष्ठ, शिवम कुशवाहा, सतीश कुमार, यश कुशवाहा तथा जितेंद्र कुशवाहा ने उपस्थित रहकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment

पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए छात्राओं ने सामाजिक कुरीतियों पर किया प्रहार, सासनी विद्यापीठ इंटर कॉलेज में सजे जागरूक कल्पवृक्षय बेटी बचाओ, बाल विवाह और साइबर अपराध जैसे गंभीर विषयों पर दी सीख