पेट्रोल पंप पर कार में 4000 रुपए का तेल भरवाकर फुर्र हुए शातिर: घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद : पुलिस पड़ताल में जुटी
सिकंदराराऊ। एटा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर बुधवार शाम बलेनो कार सवार दो शातिर 4000 का तेल भरवाकर बिना भुगतान किए नौ दो ग्यारह हो गए। आरोपियों ने ऑनलाइन पेमेंट का झांसा देकर कर्मचारियों को उलझाया और फिर गाड़ी दौड़ा दी। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों के मुताबिक बुधवार शाम एक काले रंग की बलेनो कार में सवार दो शातिर युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। दोनों ने टोपी पहन रखी थी। उन्होंने कार में 4000 रुपए का तेल भरने को कहा। तेल डालने के दौरान कार सवार एक व्यक्ति कर्मचारी से बातचीत कर उसे उलझाए रहा। पेट्रोल भरते ही दूसरा व्यक्ति कार में बैठ गया और गेट खुला छोड़ दिया। कर्मचारियों ने भुगतान के बारे में पूछा तो आरोपियों ने 1500 ऑनलाइन और बाकी रकम नकद देने की बात कही। इसके बाद उन्होंने पेमेंट स्कैन नहीं होने का बहाना बनाया। कर्मचारी से मोबाइल नंबर मांगने लगे। कर्मचारी कुछ समझ पाता, उससे पूर्व ही शातिर युवक ने कार स्टार्ट कर दी और दोनों बिना रुपए दिए एटा रोड की ओर भाग निकले।
अचानक कार दौड़ाने से पेट्रोल पंप का कर्मचारी उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची । कार सवारों की तलाश में पीछा किया, लेकिन आरोपी आंखों से ओझल हो गए।कोतवाल शिवकुमार ने कहा कि सीसी टीवी कैमरे के आधार पर कार की तलाश की जा रही हैं।कर्मचारियों के अनुसार, कार की आगे और पीछे दोनों तरफ नंबर प्लेट नहीं लगी थी।










