सिकंदराराऊ। हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामतपुर में नामजदों ने एक किसान के खेत में खड़ी धान की सात बीघा फसल को ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया। पीड़ित किसान ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

गांव निजामतपुर निवासी दुष्यंत सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह ने दी तहरीर में कहा है कि 7 सितंबर की शाम 6 बजे करीब उनके सात बीघा खेत में धान की फसल खड़ी थी। उन्होंने बताया कि इस जमीन का चकबंदी विवाद हाईकोर्ट में चल रहा है। वे इस जमीन पर कब्जा परिवर्तन के समय से काबिज हैं और इस खेत से चार फसलें ले चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी गांव सिकतरा निवासी हरीश कुमार पुत्र प्रेमपाल सिंह, पीयूष कुमार पुत्र हरीश कुमार, संजय कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार व जितेंद्र कुमार पुत्र सत्यपाल सिंह ने अपने दो ट्रैक्टरों से उनकी पूरी धान की फसल को जोतकर नष्ट कर दिया।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।










