पिकअप मैक्स ने मजदूर को रौंदा, रास्ते में तोड़ा दम आटा और सब्जी लेने को सिकंदराराऊ आ रहा था मजदूर

ब्रह्म धर्मकांटे के निकट हुआ हादसा

 

सिकंदराराऊ । एटा रोड स्थित ब्रह्म धर्मकांटा के निकट शनिवार की शाम को एक तेज रफ्तार पिकअप मैक्स ने एक मजदूर को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया । उसे इलाज के लिए अलीगढ़ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मृतक के पुत्र ने अज्ञात पिकअप मैक्स चालक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जनपद आगरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र के विधीचंद नैनाना जाट, ग्वालियर रोड निवासी विष्णु पुत्र अशोक कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसके 47 वर्षीय पिता अशोक कुमार सिकंदराराऊ के इकबालपुर में राजकमल पब्लिक स्कूल में पत्थर लगाने का कार्य कर रहे थे। शनिवार की शाम सात बजे करीब वह सिकंदराराऊ से आटा और सब्जी खरीदने जा रहे थे। जैसे ही वह एटा रोड स्थित ब्रह्म धर्मकांटा के निकट पहुंचे। तभी सरियो से लदी एक अज्ञात पिकअप मैक्स के चालक ने तेजी व लापरवाही से गाड़ी को चलाते हुए उसके पिता में टक्कर मार दी। हादसे में उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। परिजन घायल अशोक कुमार को अलीगढ़ ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस अज्ञात पिकअप मैक्स के चालक की तलाश में जुट गई है। मजदूर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment