गांव छौंक के उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रवेश सोपान शिविर का गुरुवार को धूमधाम से समापन हो गया। जिला स्काउट मास्टर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह के मार्गदर्शन और इंचार्ज प्रधानाध्यापक विमलेश सेंगर की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में बच्चों को अनुशासन, स्वावलंबन और सेवा भावना का पाठ पढ़ाया गया।
गुरूवार को शिविर समापन के दौरान विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही ध्रुव व डॉक्टरी गांठ बांधने का अभ्यास किया और जंगल भोज के तहत पहाड़ी व्यंजन बनाकर स्वावलंबन का परिचय दिया। समापन संध्या पर मनमोहक कैंप फायर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें चार दिशाओं के दूतों ने शांति, प्रेम और हरियाली का संदेश दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के स्काउट वर्ग में चंद्रशेखर आजाद टोली प्रथम व भगत सिंह टोली द्वितीय रही। वहीं गाइड वर्ग में मीराबाई टोली ने पहला और रानी लक्ष्मीबाई टोली ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि पंचायत सहायक कृष्ण कुमार और अध्यक्ष विमलेश सेंगर ने विजेता टोलियों को सम्मानित करते हुए बच्चों के उत्साह व अनुशासन की सराहना की।









