कस्बा के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसरों में भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
गुरूवार को रुदायन रोड स्थित गुनगुन कॉन्वेंट स्कूल में समारोह की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की झांकी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और ऊँची बंधी मटकी को फोड़कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर बाल कलाकारों तरुण, अंशिका, गौरी, साजिया, इरम, परी, दर्श व अन्य बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में रितु रावत, भूमिका कुशवाहा, हेमा सोलंकी सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।









