हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के अलीगढ़-आगरा रोड पर आज सुबह करीब 6:50 बजे सिसौदिया ढाबे से पहले एक रोडवेज बस अपने आगे चल रहे अज्ञात ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत 18 यात्री गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस और एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बस में सवार यात्रियों में भारी चीख पुकार मच गई और यात्रियों की चीख पुकार सुनकर मौके पर राहगीर एवं आसपास के ग्रामीण जहां दौड़ पड़े, वहीं सूचना पाकर तत्काल थाना पुलिस भी पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार थाना चंदपा क्षेत्र के आगरा अलीगढ़ रोड पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा घटित हो गया और एक रोडवेज बस संख्या यूपी 77 एएन/ 2315 अलीगढ़ की ओर से आगरा जा रही थी। रास्ते में गांव विसाना से पहले सिसौदिया ढाबे के पास बस ओवरटेक करने के दौरान बस आगे चल रहे अज्ञात ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में भारी अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख पुकार मच गई। वहीं घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।।
बताया जाता है उक्त बस हादसे में नीरज उपाध्याय (45 वर्ष ) निवासी आवास विकास कॉलोनी हाथरस, राजवती (58वर्ष), उदय सिंह (75वर्ष) निवासीगण नवीपुर, रेखा (53वर्ष) निवासी खरगू मुरसान, रचना (32वर्ष) निवासी लक्ष्मी टॉकीज के पास हाथरस, काजल (18वर्ष), पूनम (30वर्ष), राजन श्री (75वर्ष), कोमल (28वर्ष), प्रियंका (34वर्ष), मंजू (52वर्ष), दो वर्षीय युग, माही (12वर्ष), अखत (10वर्ष), अखिता (13वर्ष), तारावती (54वर्ष), शिवानी (7वर्ष) तथा बस चालक आनंद (35वर्ष) निवासी पटियाली कासगंज सहित करीब 18 यात्री घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार घायलों को सामान्य प्रकृति की चोटें आयी हैं। घायलों को सीएचसी सादाबाद में भर्ती कराया गया है, जबकि बस चालक आनंद को उपचार के लिए बागला अस्पताल भेजा गया है। मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है। घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात अवरुद्ध हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु करा दिया।









