सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला कुरैशियान में मंगलवार को एक 22 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन फानन में परिजन उसे उपचार के लिए नजदीकी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही मिनट बाद उसकी हालत और गंभीर हो गई। बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि मोहल्ला कुरैशियान निवासी भूरा का 22 वर्षीय पुत्र राजा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की अचानक तबियत बिगड़ गई। परिजन उसे पास के एक चिकित्सक के पास उपचार के लिए ले गए। वहां मौजूद चिकित्सक ने युवक को इंजेक्शन लगाया। परिजनों के मुताबिक इंजेक्शन लगने के कुछ ही मिनट बाद राजा की तबीयत पहले से अधिक बिगड़ने लगी। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे कस्बा के एक अन्य अस्पताल में लेकर पहुंचे।वहां चिकित्सकों ने युवक की हालत गंभीर बताते हुए उपचार करने से इनकार कर दिया और उसे अलीगढ़ ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन राजा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में हाहाकार मच गया। रोते-बिलखते परिजन उसके शव को वापस घर ले गए। शव के घर पहुंचते ही मोहल्ले में मातम छा गया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









