स्कूल बस व मजदूरों की ईको में भिड़न्त: पिता पुत्र की मौत:6 घायल

हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव ककोडी के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मजदूरी कर अपने गांव लौट रहे मजदूरों से भरी ईको गाड़ी की सामने से आ रही स्कूल बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ईको सवार आठ लोगों में से 2 लोगों पिता पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पूरे क्षेत्र में भारी खलबली मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। वहीं मृतकों के परिवार में भी कोहराम मच गया है।
बताया जाता है आज सुबह थाना चंदपा क्षेत्र के गांव ककोड़ी अल्हैपुर के पास हाथरस से मजदूरी कर एक ईको गाड़ी में सवार होकर मजदूर अपने गांव लौट रहे थे। सभी मजदूर थाना सादाबाद क्षेत्र के गांव आरती अपने घर लौट रहे थे। सभी मजदूर पल्लेदारी का कार्य करते हैं। तभी रास्ते में आज सुबह करीब 6:30 बजे गांव ककोडी के पास अल्हैपुर की तरफ से आ रही बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल बस से ईको की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ईको में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और ईको गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जाता है घटना की सूचना पर चंदपा पुलिस मौके पर पहुंच गई और सड़क पर लगे जाम को खुलवाया। बताया जाता है हादसे के समय बीएलएस स्कूल की बस में बच्चे भी सवार थे, लेकिन राहत की बात रही कि दुर्घटना में बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे। लेकिन हादसे की बाद सड़क पर भारी अफरी-तफरी का माहौल बन गया था और कुछ समय के लिए यातायात भी अवरुद्ध हो गया था। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बागला में भर्ती कराया।
बताया जाता है हादसे में घायल ईको गाड़ी चालक 32 वर्षीय राजाबाबू पुत्र राकेश निवासी गांव आरती थाना सादाबाद की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है।उक्त हादसे में वीरेंद्र, अवनीश, रतन सिंह, वीकेश, नरेश, राकेश और हरदम सिंह घायल हुए हैं। सभी का जिला अस्पताल बागला में उपचार जारी है। वहीं गंभीर रूप से घायल मृतक राजाबाबू के पिता 55 वर्षीय राकेश सिंह को उपचार के लिए आगरा ले जाते समय उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने पिता पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है।पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment