किसानों के धरना को बसपा प्रत्याशी डॉ.अविन शर्मा ने दिया समर्थन : सरकार किसानों की वास्तविक स्थिति को समझ कर तत्काल दे राहत- डॉ.अविन श

सादाबाद।भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में तहसील परिसर में आलू किसानों का धरना आज 15वें दिन भी जारी रहा। किसान अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों के धरना को बसपा प्रत्याशी डॉ. अविन शर्मा द्वारा भी अपना समर्थन दिया गया है।
धरना दे रहे किसानों की मांगों में आलू की उचित कीमत दिलाना, सरकारी खरीद शुरू करना, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) घोषित करना, आलू किसानों का कर्ज माफ करना और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल है।धरना को समर्थन देने पहुंचे बसपा के सादाबाद विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी डॉ. अविन शर्मा ने आलू की मौजूदा कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सादाबाद क्षेत्र का मुख्य उत्पाद आलू है, लेकिन इस वर्ष किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।


बसपा प्रत्याशी डॉ. अविन शर्मा ने कहा कि किसानों का कच्चा और छोटा आलू लगभग 50 रुपये प्रति कट्टा, गुल्ला 150 रुपये प्रति कट्टा और मोटा आलू 200 से 350 रुपये प्रति कट्टा बिक रहा है। जबकि, किसान की उत्पादन लागत करीब 500 से 600 रुपये प्रति कट्टा आती है। इससे किसानों को भारी घाटा हो रहा है।उन्होंने सरकार से किसानों की वास्तविक स्थिति को समझते हुए तत्काल राहत देने की मांग की। डॉ. शर्मा ने आलू किसानों को परिवहन भाड़े पर अनुदान देने और अगले वर्ष डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए नियंत्रित दर पर उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।

बसपा प्रत्याशी डॉ. अविन शर्मा ने 50 रुपये प्रति कट्टा अनुदान की चर्चा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई सरकारी घोषणा या शासनादेश जारी नहीं हुआ है। पूर्व में जारी शासनादेश में 2.17 रुपये प्रति पैकेट अनुदान का उल्लेख था, जो कि बेहद कम है।उन्होंने सरकार से किसानों का मजाक न बनाने और प्रभावी आर्थिक सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, धरना जारी रहेगा। इस दौरान तमाम किसान मौजूद थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment