लेखपालों ने किया थाना समाधान दिवस का बहिष्कार, फर्जी और दुर्भावनापूर्ण ट्रैप कार्रवाई पर रोक की मांग लेकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

प्रान्तीय नेतृत्व के आह्वान पर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा सासनी के बैनर तले तहसील परिसर में लेखपालों ने थाना समाधान दिवस का बहिष्कार करते हुए एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। तथा अपनी मांगों के समर्थन में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी शिव प्रकाश यादव के माध्यम से प्रेषित किया।
शनिवार को संघ की शाखा सासनी के लेखपालों ने मसुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि लेखपाल राजस्व विभाग का मेहनती और जनता से सीधे जुड़ा हुआ अग्रिम पंक्ति का कर्मचारी है, जो बेहद कठिन परिस्थितियों में गांव-गांव घूमकर शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाता है तथा भूमि विवाद, पैमाइश व अतिक्रमण हटाने जैसे कार्यों को पूरी निष्ठा से अंजाम देता है। कई बार नियमों के विपरीत कार्य न करने पर असंतुष्ट लोग या दलाल निजी रंजिश के चलते लेखपालों को झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास करते हैं। ज्ञापन में कहा है कि हाल ही में 20 अगस्त 2026 को जनपद अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्ष दीप के खिलाफ की गई कार्रवाई से पूरे प्रदेश का लेखपाल संवर्ग अत्यंत आहत और आक्रोशित है। संघ का स्पष्ट कहना है कि वे भ्रष्टाचार के किसी भी रूप का समर्थन नहीं करते और दोषी पाए जाने पर कर्मचारी पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी भी निर्दोष कर्मचारी को षड्यंत्र या झूठे ट्रैप के जरिए फंसाया जाना स्वीकार्य नहीं है। प्रदर्शन के दौरान संघ ने अयोध्या प्रकरण की स्वतंत्र एजेंसी या एसआईटी से निष्पक्ष जांच कराने, ट्रैप कार्रवाई से पूर्व शिकायत की सत्यता व रंजिश के पहलुओं की अनिवार्य रूप से जांच करने तथा भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) व विजिलेंस के लिए स्पष्ट व कड़े मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) निर्देश जारी करने की जोर-दार मांग उठाई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लेखपाल मौजूद रहे।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment