प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था अलग रखने, पार्किंग को सुव्यवस्थित करने तथा आपात स्थिति में त्वरित निकासी की व्यवस्था को सुनिश्चित करने के निर्देश

हाथरस। आगामी माह से प्रारंभ होने वाले ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज राजकीय मेला की तैयारियों को लेकर आज जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ मेला परिसर का भ्रमण कर ले-आउट प्लान के माध्यम से तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेला परिसर में प्रवेश एवं निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि भीड़ का अनावश्यक दबाव न बने और आवागमन सुचारू रहे। उन्होंने पार्किंग स्थल को सुव्यवस्थित तरीके से विकसित करने तथा वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करने को कहा। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की त्वरित एवं सुरक्षित निकासी के लिए पर्याप्त वैकल्पिक मार्ग विकसित करने तथा इन व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने पूरे मेला परिसर में साफ-सफाई, जल निकासी, स्थायी इंटरलॉकिंग, विद्युत पोलों को सुरक्षा की दृष्टि से कवर करने तथा पर्याप्त वॉच टावर स्थापित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दुकानों तथा झूले आदि के लिए अलग-अलग क्षेत्र निर्धारित करने को कहा, ताकि आवागमन और भीड़ नियंत्रण में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का मेला राजकीय एवं ऐतिहासिक-धार्मिक महत्व का मेला है, जो प्रत्येक वर्ष आयोजित होता है। इसलिए ऐसी स्थायी एवं बहुउपयोगी व्यवस्थाओं का निर्माण कराया जाए, जिनका आगामी वर्षों में भी उपयोग हो सके। इससे मेले की व्यवस्थाएं और अधिक मजबूत होने के साथ ही प्रत्येक वर्ष होने वाले आवर्ती व्यय में भी कमी आएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तैयार किए जा रहे संसाधनों में स्थायित्व एवं बहुउपयोगिता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मेला परिसर में स्थापित किए जाने वाले कंट्रोल रूम को प्रभावी ढंग से संचालित करने, वहां से पूरे परिसर की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की विभागवार समीक्षा कर सभी कार्य समय से पूर्ण कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा साफ किए गए स्थानों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मेले की भव्यता के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्था सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज का 115वें महोत्सव का अनौपचारिक शुभारंभ गणेश चतुर्थी 15 सितंबर से शुभारंभ हो जाएगा।जबक़ि मेले का विधिवत श्री गणेश बलदेव छठ 17 सितंबर से होगा और श्री दाऊजी महाराज का मेला धार्मिक आस्था, परंपरा एवं सांस्कृतिक महत्व का विशेष स्थान रखने वाला मेला है और मेले में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभायें भीं शिरकत करती हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।









