हाथरस। आगामी 15 सितंबर से प्रारम्भ होने वाले ब्रज के सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक 115वें विशाल लक्खी राजकीय मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव-2026 के भव्य आयोजन की आवश्यक तैयारियों को जिला प्रशासन द्वारा शुरू कर दिया गया है। वही लक्खी मेला में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए भी 104 कार्यक्रम संयोजकों द्वारा अपने-अपने लिए आवेदन किए गए है। जबकि मेला के मुख्य आकर्षण अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल के लिए पांच लोगों के आवेदन बताए जाते हैं।
ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मेले में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सौंपे गए सभी दायित्वों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्वहन सुनिश्चित किया जाए। मेले के समूचे परिसर में व्यापक साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय रहते सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गये हैं। उन्होंने कहा है कि मेला में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी।
मेला में आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों में अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल, कवि सम्मेलन, संगीत सम्मेलन, मुशायरा, लाफ्टर शो सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं और जिला प्रशासन द्वारा मेला में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए कार्यक्रम कराने वाले संयोजकों से कल 20 अगस्त तक आवेदन मांगे गए थे। जिसमें सभी कार्यक्रमों के लिए 104 लोगों द्वारा अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए अपने-अपने आवेदन जिला प्रशासन को दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक ब्रज के प्रसिद्ध ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव के मुख्य आकर्षण अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल के लिए कई लोगों द्वारा आवेदन किए गए हैं। हालांकि अभी इनके नामों की जिला प्रशासन की ओर से पुष्टि नहीं की गई है। दंगल के लिए पांच लोगों के आवेदन बताए जाते हैं।। उक्त संबंध में अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी ने बताया है कि ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक 115 वें लक्खी मेला महोत्सव के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित तिथि तक सभी कार्यक्रमों के लिए 104 लोगों द्वारा आवेदन किए गए हैं, जिन पर जिलाधिकारी के निर्देशन में प्रशासन द्वारा विचार विमर्श पर शीघ्र ही कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी।









