सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव कपसिया में बीती रात्रि 34 वर्षीय दुग्ध व्यापारी की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। युवा व्यापारी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि गांव कपसिया निवासी विनय चिक पुत्र भानुप्रकाश गांव में दुग्ध व्यवसाय करते थे। सोमवार की शाम को उन्हें सीने में हल्का भारीपन महसूस हुआ। उन्होंने इसे गैस की समस्या मानकर अनदेखा किया और पड़ोसी गांव मानिकपुर में दूध एकत्रित करने चले गए। घर लौटने पर उन्होंने परिवार को सीने में भारीपन के बारे में बताया। रात्रि करीब 8:30 बजे वह सिकंदराराऊ स्थित डेयरी पर दूध पहुंचाने के लिए बाइक से निकले। गांव से करीब 500 मीटर दूर बम्बे के पास उन्हें हार्टअटैक पड़ गया । उन्होंने अपनी बाइक बम्बे किनारे स्थित एक नल के पास खड़ी की और वहीं अचेत होकर गिर पड़े। रात होने के कारण किसी को इस घटना की जानकारी नहीं हुई। जब वह कई घंटों तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने डेयरी पर फोन करके जानकारी ली। ज्ञात हुआ कि विनय डेयरी नहीं पहुंचे थे। इसके बाद उनके भाई शिशुपाल और महेशपाल समेत अन्य परिजन बाइक पर उनकी तलाश में निकले। बम्बे के पास हैंडपंप पर उन्हें विनय की बाइक खड़ी मिली। पास जाकर देखा तो विनय अचेत अवस्था में जमीन पर पड़े थे और उनका शरीर ठंडा पड़ चुका था। जिससे परिजनों में हाहाकार मच गया और गांव में मातम छा गया। मंगलवार को परिजनों ने गमगीन माहौल में उनके शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, दो पुत्रियों और वृद्ध माता-पिता को रोता बिलखता छोड़ गया है।









