शातिरों ने महिला के बैग से 14 हजार रुपए किए पार

पंजाब नेशनल बैंक से निकाले थे महिला ने रुपए बैंक के अंदर से महिला पर नजर रख रहे थे शातिर


सिकंदराराऊ । कस्बा के पंत चौराहे के निकट स्थित पंजाब नेशनल बैंक से मंगलवार को 14 हजार रुपये निकालकर घर जा रही एक महिला के बैग से दो महिलाओं एवं एक पुरुष ने रुपये पार कर दिए। घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
बताया जाता है कि थाना हसायन क्षेत्र के गांव शीतलवाड़ा निवासी सावित्री देवी मंगलवार की दोपहर 2.30 बजे करीब को पंजाब नेशनल बैंक से 14 हजार रुपये निकालकर अपने बैग में रखकर स्कूटी से घर जाने लगी थीं। बैंक के अंदर से ही दो महिलाएं और एक पुरुष उन पर लगातार नजर रखे हुए थे और उनके पीछे-पीछे बैंक से बाहर तक आए। महिला जैसे ही बैंक के गेट के बाहर पहुंचीं। शातिरों ने उनकी स्कूटी को फंसाने के लिए आगे एक बाइक लगा दी। जब महिला स्कूटी निकालने का प्रयास कर रही थीं, तभी एक महिला पीछे से आई और उनके कंधे पर लटके बैग की चैन खोल दी। महिला ने जैसे-तैसे स्कूटी घुमाकर आगे बढ़ने की कोशिश की, तो दूसरी महिला और पुरुष ने मौका पाकर बैग में हाथ डालकर उसमें रखे 14 हजार रुपये निकाल लिए।कुछ दूर जाने के बाद सावित्री देवी की नजर अपने बैग की खुली चैन पर पड़ी। उन्होंने बैग चैक किया तो उसमें से रुपये गायब थे। यह देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह तुरंत बैंक वापस पहुंचीं और मैनेजर को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बैंक के सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो महिलाएं और एक पुरुष महिला पर नजर रखते हुए साफ दिखाई दिए हैं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में ली और संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment