जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपदवासियों से झंडा संहिता एवं ध्वज फहराने के नियमों का पालन करने की अपील

हर मन तिरंगा, हर घर तिरंगा, तिरंगा घर लाएं और शान से फहराएं
हाथरस। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को सम्मान एवं गरिमा के साथ फहराएं तथा झंडा संहिता एवं ध्वज फहराने से संबंधित निर्धारित नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें। जिलाधिकारी ने कहा कि “हर मन तिरंगा, हर घर तिरंगा, तिरंगा घर लाएं और शान से फहराएं” की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करें। तिरंगा हमारे राष्ट्र की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके प्रति सम्मान प्रदर्शित करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने बताया कि भारतीय ध्वज संहिता के अनुसार तिरंगा फहराते समय केसरिया रंग की पट्टी सदैव ऊपर की ओर होनी चाहिए। तिरंगे को उल्टा नहीं फहराया जाना चाहिए। सरकारी परिसरों में सूर्योदय के उपरांत ध्वजारोहण तथा सूर्यास्त के समय सम्मानपूर्वक ध्वज उतारने की व्यवस्था का पालन किया जाए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से यह भी अपील की कि 09 से 15 अगस्त 2026 तक निजी आवासों पर लगाए गए तिरंगे को अभियान की अवधि के पश्चात सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए। ध्वज को उतारने के बाद उसे फेंका न जाए, बल्कि सम्मानपूर्वक मोड़कर सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि फटा, कटा अथवा क्षतिग्रस्त तिरंगा नहीं फहराया जाए तथा तिरंगे को जमीन पर गिरने या उसके अपमान की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। प्रत्येक नागरिक राष्ट्रीय ध्वज की पवित्रता और गरिमा को बनाए रखते हुए अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करे। जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घर-घर तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, स्वतंत्रता संग्राम के गौरव और राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का जन-अभियान है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे पूरे उत्साह के साथ अभियान में सहभागी बनें और “हर मन तिरंगा, हर घर तिरंगा” के संदेश को साकार करें।
Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment