सामूहिक वंदे मातरम् गायन, तिरंगा म्यूजिकल कॉन्सर्ट, तिरंगा मेला एवं सेल्फी बूथ बनेंगे आकर्षण का केंद्र
हाथरस। शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देशों के क्रम में जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत राष्ट्रभक्ति एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 12 अगस्त, 2026 को सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज, हाथरस में प्रातः 09ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक भव्य तिरंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन, तिरंगा म्यूजिकल कॉन्सर्ट, तिरंगा मेला, तिरंगा सेल्फी बूथ एवं तिरंगा प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा। तिरंगा मेले में स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित तिरंगा एवं अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी/बिक्री के साथ-साथ स्थानीय लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त तिरंगा रंग की थीम पर आधारित वस्तुओं, परिधान, पगड़ी एवं बैज आदि के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए स्टॉल/प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इनमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण/पिछड़ा वर्ग/दिव्यांगजन विभाग, प्रोबेशन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, मत्स्य विभाग, कौशल विकास मिशन/आईटीआई, खाद्य एवं रसद विभाग, श्रम विभाग, लीड बैंक, पर्यटन विभाग, पशुपालन विभाग, जिला उद्योग केंद्र तथा पुलिस विभाग/मिशन शक्ति सहित विभिन्न विभागों की सहभागिता रहेगी।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाएं तथा अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था एवं सम्मान प्रकट करें। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय झंडा संहिता एवं राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से संबंधित नियमों का पालन करने का आह्वान किया है। जिलाधिकारी ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से जोड़ते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है।









