सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर में रुपए मांगने पर नामजदों द्वारा एक अधिवक्ता से गाली गलौज कर अभद्रता की गई । पीड़ित ने कोतवाली में एक महिला समेत चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला भूतेश्वर कॉलोनी निवासी देवव्रत यादव पुत्र श्रीनिवास यादव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह 22 जुलाई की शाम 6:30 बजे करीब वह गांव रामपुर में भीषमपाल पुत्र पातीराम सिंह के घर अपने रुपए मांगने को गया था । जब उसने अपने रुपए मांगे तो भीषमपाल उसकी पत्नी किरन देवी एवं पुत्र विपिन कुमार व रवि उर्फ रविंद्र कुमार ने गाली गलौज कर उससे अभद्र व्यवहार किया । उक्त लोगों ने उसे धमकी दी कि आज के बाद अगर तू पैसे मांगने हमारे घर आया या तूने कभी अपने रूपए मांगे तो तुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे जान से मार देंगे। आरोपियों ने यह भी कहा कि तेरे जैसे वकील हमने बहुत देखे हैं । हम धोबी जाति के लोग हैं । अगर दोबारा रुपए मांगने आया तो तेरे खिलाफ एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा लिखाकर जेल भिजवा देंगे, जमानत भी नहीं हो पाएगी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।









