हाथरस। बदलते मौसम चक्र और बढ़ते प्रदूषण की चुनौतियों से निपटने के लिए युवा ब्राह्मण महासभा द्वारा जल्द ही एक वृहद् पौधारोपण अभियान की शुरुआत की जाएगी। महासभा के पदाधिकारियों ने बैठक कर इस अभियान की रूपरेखा तैयार की है, जिसके तहत सार्वजनिक स्थानों, विद्यालयों, मंदिरों और विभिन्न रिहायशी इलाकों में बड़े पैमाने पर फलदार और छायादार पौधे लगाए जाएंगे।
महासभा के अध्यक्ष ई.शुभम पचौरी ने बताया है कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण हमारे सनातन संस्कारों का अभिन्न अंग रहा है। आज के समय में ग्लोबल वॉर्मिंग और ऑक्सीजन की कमी जैसी समस्याओं से निपटने का एकमात्र जरिया अधिक से अधिक पेड़ लगाना है। युवा ब्राह्मण महासभा इस अभियान के माध्यम से न सिर्फ पौधे लगाएगी, बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी लेगी।
महासभा ने समाज के सभी प्रबुद्ध जनों, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में अपना सक्रिय योगदान दें और पृथ्वी को हरा-भरा बनाने के इस संकल्प को सफल बनाएं। अभियान की शुरुआत की तारीख और मुख्य अतिथियों की घोषणा जल्द ही औपचारिक कार्यक्रम के माध्यम से की जाएगी।
कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक शिवम भारद्वाज, सदस्य विवेक शर्मा, विशाल शर्मा, ओम पंडित, रोहित शर्मा आदि मौजूद थे ।









