हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भाजपा की सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर द्वारा लखनऊ में मुलाकात कर हाथरस शहर को जाम से मुक्ति दिलाने हेतु रिंग रोड का निर्माण कराने तथा ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव का उद्घाटन किए जाने हेतु आमंत्रण देकर मेला उद्घाटन का अनुरोध किया गया है।
लखनऊ में 5 कालिदास मार्ग पर उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की विस्तृत रूप से चर्चा की गई। इस दौरान सर्वप्रथम सदर विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव के 115 वें श्री दाऊजी महाराज लक्खी मेला (राजकीय) के 17 सितंबर को उद्घाटन करने का आग्रह किया और बताया कि जनपद में क्षेत्राधिकारी के वर्तमान में तीन सर्कल है, जबकि जनपद में चार तहसील हैं, तो क्षेत्रधिकारी सर्कल भी चार होने चाहिए। सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि एक क्षेत्राधिकारी सर्कल और बढ़ाया जाये और हाथरस में मेडिकल कॉलेज का कार्य जल्दी से जल्दी चालू कराने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने यह भी अनुरोध किया है कि रिंग रोड जो कि हाथरस के जाम को निजात दिलाएगा, उन्होंने इसकी स्वीकृति के लिए भी अनुरोध किया है। सदर विधायक ने ऑडिटोरियम, सासनी ब्लॉक में छात्रों के लिए महाविद्यालय, हाथरस में ट्रांसपोर्ट नगर, विकास प्राधिकरण बनवाने का भी आग्रह किया है।। सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने बताया है कि मुख्यमंत्री ने सभी पत्रों व सभी विषयों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हाथरस विधानसभा में जो भी कार्य लंबित हैं, उन्हें शीघ्र से शीघ्र निस्तारण करें।









