हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपद में संचालित नमामि गंगे प्रोजेक्ट के अंतर्गत जलेसर रोड पर निर्माणाधीन सीवरेज योजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया तथा संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट प्रबंधक द्वारा अवगत कराया गया कि हाथरस सीवरेज योजना की स्वीकृत लागत रूपये 128.91 करोड़ है। परियोजना का कार्य 6 सितंबर 2024 से प्रारंभ हुआ था। कार्य पूर्ण होने की तिथि 5 जून 2026 थी, जिसे संशोधित कर 5 नवंबर 2026 किए जाने की कार्यवाही प्रचलित है। उन्होंने बताया कि परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 60.50 प्रतिशत है। वर्तमान में निर्माण कार्य प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण किये जाए। उन्होंने कहा कि सीवरेज परियोजना पूर्ण होने से शहर में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जलभराव एवं प्रदूषण की समस्या में कमी आएगी तथा आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि परियोजना में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने पाए तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी , अधिशासी अधिकारी नगर पालिका आदि उपस्थित थे।









