सीएम ने हाथरस में 548 करोड़ की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया

सीएम ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला

जहां सुरक्षा न हो, उपद्रव हो, दंगा हो, महीनों कर्फ्यू रहता हो, वहां विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती

सिकंदराराऊ । रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में 548 करोड़ की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैं उनका एक बयान पढ़ रहा था। वह कह रहे थे कि उनकी सरकार आएगी तो अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाएंगे। अरे आप क्या बनाएंगे। आपने रामभक्तों पर गोली चलवाई थी। आज जब रामभक्तों की मेहनत से अयोध्या त्रेतायुग का स्मरण कर रही है। तो आपके मुंह में पानी आने लगा है। सीएम ने कहा- भूल जाओ। आपने तो थाने और जेल में कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजनों को रोक दिया था। कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया था। हाथरस में 22 से ज्यादा मंदिरों का सौंदर्याकरण हुआ। क्या ये सपा सरकार में हो पाता? आपके समय में पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री के लिए जाता था। वही तो हमने मंदिरों की तरफ डायवर्ट किया है।

सीएम ने कहा अखिलेश जी आप अयोध्या की चिंता छोड़ दीजिए। पश्चाताप कीजिए। एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए। सद्बुद्धि आ जाएगी। अगर सचमुच खुद को धार्मिक दिखाने की कोशिश में लगे हैं तो मथुरा-वृंदावन पर खुलकर बोल दीजिए। कृष्ण जन्मभूमि पर बोलिए। राम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन की तर्ज पर श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का अभियान चलना चाहिए। सम्मान मिलना चाहिए। सीएम ने कहा- हमारी सरकार लोगों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने में लगी है। लेकिन, आपके पास मुल्ला-मौलवी के सामने घुटने टेकने के अलावा कोई एजेंडा नहीं है। आप धूल झोंकने का काम मत करिए। खिसियानी बिल्ली खंभा नोंचे वाली कहावत को चरितार्थ मत करिए।
योगी ने कहा कि जहां सुरक्षा न हो, उपद्रव हो, दंगा हो, महीनों कर्फ्यू रहता हो, वहां विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती। 2017 से पहले यही हालत थे। मथुरा के जवाहरबाग की घटना, कोसीकलां का दंगा, मेरठ-अलीगढ़ के दंगे, मुजफ्फरनगर के दंगे, इसके उदाहरण हैं। नौजवानों को नौकरी से हाथ धोना पड़ता था। प्रदेश बदनाम होता था। अब 9 साल में कोई गुंडागर्दी नहीं, कर्फ्यू नहीं।
उन्होंने कहा कि अब मुहर्रम के नाम पर सड़कों पर उपद्रव नहीं होता। पहले तलवारबाजी के नाम पर राह चलते लोगों पर हमले कर दिए जाते थे। ताजिए के नाम पर गरीब की झोपड़ी हटा दी जाती थी। किसी का छज्जा तोड़ दिया जाता था। हाईटेंशन तार हटा दिए जाते थे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने नई व्यवस्था बनाई। आप ताजिए का साइज छोटा कर दीजिए। जरूरी नहीं कि गरीब का मकान हटे। छज्जा नहीं टूटेगा। हाईटेंशन तार नहीं हटेगा। लंबा करोगे तो हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आओगे। योगी ने कहा कि मैं रिव्यू कर रहा था तो 12 हजार जुलूस निकले। कोई दंगा नहीं, कोई उपद्रव नहीं। पता भी नहीं चला। नहीं तो किसी के घर पर जाकर ढोल और माइक की आवाज से तमाशे की खबरें आती थीं। लोग परेशान होते थे। आज वो तमाशा बंद हो गया है।

सीएम ने कहा कि कांग्रेस और सपा की सरकार में गैस सिलेंडर का कनेक्शन लेने के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ती थीं। हमारी सरकार साल में दो बार उज्जवला योजना के उपभोक्ताओं को फ्री में गैस देती है। अच्छी सरकारें जब आती हैं, तब विकास भी होता है। गरीबों का कल्याण भी होता है। नौजवानों को रोजगार भी मिलता है। महिलाओं के स्वालंबन के लिए कदम उठाए जाते हैं। अन्नदाता के जीवन में खुशहाली के लिए काम किए जाते हैं। ये सब आपके एक निर्णय से हो पा रहा है। आप कमल का बटन दबाते हैं। बदले में विकास होता है। सुरक्षा मिलती है। नौकरी की गारंटी मिलती है।

उन्होंने कहा कि हाथरस अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुका है। तेजी से औद्योगिक निवेश हो रहा है। प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इससे आलू किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। कोल्ड स्टोरेज की समस्या का समाधान होगा। आगरा में अंतरराष्ट्रीय पोटैटो सेंटर को मंजूरी दी गई है। जिससे किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध होंगे। उत्पादन बढ़ेगा। योगी ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर संविधान का गला घोंटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय विपक्षी नेताओं को जेल भेजा गया था। समाजवादी पार्टी आज कांग्रेस के साथ खड़ी होकर उसी इतिहास का समर्थन कर रही है।

उन्होंने कहा कि पहले विकास केवल सैफई तक सीमित माना जाता था, जबकि डबल इंजन सरकार में प्रदेश के सभी 75 जिलों का समान विकास हो रहा है। सरकार तुष्टीकरण नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभपहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।योगी ने कहा कि हाथरस दौरा पहले 23 जून को प्रस्तावित था, लेकिन एक दुखद घटना के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की मांगों का जिक्र करते हुए सिकंदराराऊ बस स्टैंड और मेडिकल कॉलेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयघोषों से गुंजायमान हो गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment